कोरबा। कोरबा नगर पालिक निगम इस बार शारदीय नवरात्र और दशहरा के अवसर पर पहली बार भव्य आयोजन करने जा रहा है। 28 सितंबर से ओपन थिएटर मैदान में 5 दिवसीय रामलीला का मंचन होगा, जिसमें वाराणसी के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही 2 अक्टूबर को रात्रि में रावण दहन का आयोजन भी किया जाएगा।
मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजु देवी राजपूत, वरिष्ठ नेता अशोक चावलानी और जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी ने इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि परंपरा और संस्कृति को संरक्षित करने के उद्देश्य से नगर निगम यह पहल कर रहा है। रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र को जन-जन तक पहुंचाने और शहर में सकारात्मक वातावरण बनाने का प्रयास किया जाएगा। यह पहली बार है जब नगर निगम इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन से लोगों को जोड़ेगा।
नेताओं ने बताया कि रावण दहन का आयोजन भी नगर निगम द्वारा 2 अक्टूबर को किया जाएगा, जो बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक होगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश सरकार की अयोध्या में रामलला दर्शन योजना और इसके तहत अब तक लाभान्वित लोगों की जानकारी भी साझा की गई। क्षेत्रवासियों से अपील की गई कि वे इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सेवा पखवाड़ा संयोजक डॉ. राजीव सिंह और पार्षद नरेंद्र देवांगन भी मौजूद थे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

