डीएमएफ कार्यों को 10 दिन में शुरू करने का कलेक्टर का निर्देश, नई रेल लाइन के लिए भी योजना बनाने की हिदायत

कोरबा।कोरबा जिले में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) से स्वीकृत कार्यों को 10 दिन के भीतर शुरू करने का सख्त निर्देश कलेक्टर अजीत वसंत ने दिया है। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में उन्होंने अधिकारियों को कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने और इसका व्यापक लाभ सुनिश्चित करने के लिए कहा।

बैठक में लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने बाल संप्रेक्षण गृह का कार्य 30 सितंबर तक पूरा करने, आंगनबाड़ी निर्माण के लिए दूसरी किश्त की राशि जारी करने और बंद योजनाओं की राशि को शासन की संचित निधि में जमा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने आयुष्मान-व्यवन्दन योजना के तहत शेष हितग्राहियों के कार्ड बनाने, आत्मानंद विद्यालयों में शिक्षक भर्ती को त्रुटिरहित करने और सभी आंगनबाड़ी व स्कूलों में गैस सिलेंडर से भोजन पकाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया। साथ ही, डीएमएफ और सीएसआर से खरीदी गई सामग्रियों का रिकॉर्ड रखने और उनकी उपयोगिता तय करने को कहा।

कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिया कि किसी अधिकारी के स्थानांतरण के दौरान जिले की अनुसूचित स्थिति को ध्यान में रखकर बिना एवजीदार के रिलीव न किया जाए।

बैठक में निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

इसके अतिरिक्त, कलेक्टर ने रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक के बाद नेशनल हाइवे, वन विभाग, विद्युत विभाग और अन्य विभागों को कोरबा से अंबिकापुर के लिए प्रस्तावित नई रेल लाइन के सर्वे और अलायनमेंट को ध्यान में रखकर भविष्य की योजनाएं तैयार करने का निर्देश दिया।