कोरबा जिले में रेलवे क्रॉसिंग के आसपास की जर्जर सड़कें और बार-बार लगने वाला जाम स्थानीय लोगों के लिए सिरदर्द बन गया है। त्योहारी सीजन शुरू होने के साथ बढ़ी भीड़ और वाहनों का दबाव इस समस्या को और गंभीर बना रहा है। ट्रांसपोर्ट नगर, शारदा विहार, और संजय नगर रेलवे क्रॉसिंग के पास सड़कों में बड़े गड्ढे और उखड़ा हुआ रास्ता यातायात को बाधित कर रहा है, जिससे आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रेलवे फाटक बंद होने पर लंबा जाम लगता है, और सड़कों की खराब हालत के कारण स्थिति और बिगड़ रही है।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि उनका दायित्व केवल ट्रैक और क्रॉसिंग गेट के रखरखाव तक सीमित है, जबकि सड़क मरम्मत की जिम्मेदारी उनकी नहीं है। इस बीच, सीएसईबी और बालको जैसी कंपनियों ने भी इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। प्रतिदिन हजारों लोग और वाहन इन मार्गों से गुजरते हैं, जिनमें आम नागरिकों के साथ-साथ अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हैं।
नागरिकों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द सड़क मरम्मत और यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े हादसों की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या इस समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री स्तर पर हस्तक्षेप की जरूरत पड़ेगी?
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

