दो महिलाओं की संदिग्ध मौत: प्रेम विवाह के बाद फांसी पर लटकी नवविवाहिता, दूसरी मौत को परिजनों ने बताया हत्या

कोरबा। कोरबा जिले में दो अलग-अलग घटनाओं ने स्थानीय समुदाय में हड़कंप मचा दिया है, जहां दो महिलाओं की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

पहली घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के राताखार नादियाखार बस्ती की है, जहां 19 वर्षीय आरती प्रजापति का शव किराए के मकान के आंगन में फांसी के फंदे पर लटका मिला।

आरती ने पांच महीने पहले रवि बंजारे से प्रेम विवाह किया था। पुलिस के अनुसार, सोमवार रात को दोनों खाना खाकर सोने गए थे। रात करीब 3 बजे रवि की नींद खुली तो आरती बिस्तर पर नहीं थी और आंगन में फंदे पर लटकी मिली।

मकान मालिक को सूचित करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं और मामले की जांच जारी है।

दूसरी घटना पंप हाउस कालोनी में हुई, जहां 45 वर्षीय प्रभा देवी यादव का शव बाथरूम में फांसी के फंदे पर मिला। उत्तर प्रदेश के बांदा से आए परिजनों ने प्रभा की मौत को हत्या बताते हुए दावा किया कि उनका शव फंदे पर लटकाकर हत्या को आत्महत्या का रूप दिया गया। परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।

सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि यह घटना दो दिन पुरानी है और परिजनों के बयान दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। दोनों मामलों में पुलिस गहनता से जांच कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।