कोरबा।वार्ड क्रमांक 19 पथर्रीपारा में मंगलवार रात करीब 8 बजे धर्मांतरण को लेकर भारी हंगामा मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, मोहल्ले के एक घर में कुछ पादरियों द्वारा प्रार्थना सभा और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। स्थानीय लोगों को इसकी भनक लगते ही बड़ी संख्या में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के कार्यकर्ता घटनास्थल पर पहुंच गए।
कार्यकर्ताओं ने इस कार्यक्रम को धर्मांतरण की साजिश करार देते हुए तीव्र विरोध जताया। देखते ही देखते बड़ी भीड़ जमा हो गई और मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि क्षेत्र में ऐसी गतिविधियां समाज के लिए खतरा हैं और इन्हें बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर माहौल शांत करने का प्रयास किया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर कर स्थिति को नियंत्रण में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे आयोजन समाज में वैमनस्य फैलाते हैं और प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। फिलहाल, पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है तथा दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है। यह घटना क्षेत्र में तनाव का कारण बनी हुई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

