विद्यालयों और महाविद्यालयों में ईसीआई नवाचारों के प्रचार के लिए शिविर आयोजन के निर्देश

कोरबा। कलेक्टर अजीत वसंत ने शासकीय ई.वी.पी.जी. महाविद्यालय, कोरबा के प्राचार्य एवं सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के नवाचारों के प्रचार-प्रसार के लिए जिले के विद्यालयों और महाविद्यालयों में एक दिवसीय शिविरों का आयोजन किया जाए।

कलेक्टर ने पत्र के माध्यम से निर्देशित किया कि आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, इन शिविरों में पात्र युवाओं का मतदाता सूची में पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए फॉर्म 6 के माध्यम से ऑनलाइन/ऑफलाइन आवेदन प्राप्त किए जाएं। साथ ही, निर्वाचन आयोग के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम, थ्रेड, एक्स और व्हाट्सएप चैनल को अधिक से अधिक फॉलो करवाने पर जोर दिया गया।

कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिया कि शिविरों की गतिविधियों के फोटोग्राफ्स सहित पालन प्रतिवेदन 25 सितंबर से पहले कलेक्टर कार्यालय में जमा कराया जाए। यह पहल युवाओं में मतदाता जागरूकता बढ़ाने और निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है।