कोरबा-सक्ति मार्ग पर तेज रफ्तार स्कूली बस ने युवक को मारी टक्कर, हालत गंभीर

कोरबा। कोरबा-सक्ति मार्ग पर उरगा थाना क्षेत्र के तिलकेजा में आज सुबह करीब 7 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। रेनखोल निवासी उत्तम यादव को एक तेज रफ्तार स्कूली बस ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस बच्चों को लेने जा रही थी और इतनी तेज गति में थी कि उत्तम को संभलने का मौका तक नहीं मिला।हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

समाजसेवक किशन साव और भीम कंवर ने तुरंत एम्बुलेंस को सूचित किया और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उत्तम की हालत गंभीर है और उसे विशेष निगरानी में रखा गया है।

इस घटना ने क्षेत्र में दहशत और आक्रोश पैदा कर दिया है। स्थानीय लोग स्कूली बसों की तेज रफ्तार को लेकर चिंतित हैं और इसे हादसों का प्रमुख कारण मान रहे हैं।

उन्होंने प्रशासन से स्कूली वाहनों की गति पर नियंत्रण और सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।