कोरबा ।निहारिका क्षेत्र स्थित महाराणा प्रताप नगर कॉलोनी में बीती रात 10:30 बजे एक घर में जहरीला अहिराज सांप घुस जाने से हड़कंप मच गया। सांप को गली पार करते हुए घर में प्रवेश करते देख परिजन घबराकर बाहर निकल आए और कॉलोनी में भय का माहौल बन गया। परिजनों ने तुरंत वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी अपनी टीम के सदस्य राजू बर्मन और शुभम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने कुशलता से अहिराज सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर थैले में रखा। इसके बाद सांप को उसके प्राकृतिक आवास जंगल में छोड़ दिया गया। रेस्क्यू के बाद कॉलोनीवासियों ने राहत की सांस ली और टीम का आभार व्यक्त किया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अहिराज सांप अपने काले-पीले चटक रंग और चमक के कारण सुंदर दिखता है, लेकिन इसका जहरीला स्वभाव डर पैदा करता है। उन्होंने कहा कि सांप का स्वभाव शांत होने के बावजूद उससे दूरी बनाए रखना ही समझदारी है।
जितेंद्र सारथी ने बताया कि जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से प्रतिदिन 30 से अधिक रेस्क्यू कॉल आते हैं। इनमें ज्यादातर सांप विषहीन होते हैं और बाड़ी, नाली या सड़क पर विचरण करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सांपों को भगाना ही बेहतर है, लेकिन घर में प्रवेश रोकने के लिए सावधानी बरतना जरूरी है।
सारथी ने यह भी अपील की कि यदि रेस्क्यू कॉल के बाद सांप दिखाई न दे या जंगल-झाड़ी में चला जाए, तो कॉलर को दोबारा सूचित करना चाहिए। इससे रेस्क्यू टीम का समय और ईंधन बर्बाद होने से बचता है। उन्होंने बताया कि कई बार मौके पर पहुंचने के बाद पता चलता है कि सांप पहले ही भाग चुका होता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















