कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत घुंचापुर के आश्रित ग्राम भुजनकछार में गौ तस्करी का भयावह मामला सामने आया है। सतर्क ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर वाहन क्रमांक सीजी 14 एमएफ 1374 को रोका और तलाशी ली, जिसमें 100 से अधिक गायों को अमानवीय ढंग से ठूंसकर बांधा गया था। इस क्रूरता के चलते 10 से 12 गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक मौका पाकर फरार हो गया।




ग्रामीणों ने तत्काल प्रशासन को सूचित किया। जांच में और भी चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि पास के जंगलों में बड़ी संख्या में गायों को रस्सियों से बांधकर बंधक बनाया गया था। ग्रामीणों ने इस दृश्य पर गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि जिले में लंबे समय से गौ तस्करी का गैरकानूनी धंधा चल रहा है, लेकिन प्रशासन की निष्क्रियता के कारण तस्कर बेखौफ हैं।
एक ग्रामीण ने बताया, “गायों को इस तरह तड़पते देखना असहनीय था। हमने अपनी जान की परवाह न करते हुए गाड़ी रोकी और प्रशासन को खबर दी।” एक अन्य ग्रामीण ने कहा, “गाय हमारी मां है, उन्हें बचाना हमारा सबसे बड़ा धर्म है। गांव के लोग एकजुट हुए और सैकड़ों गायों की जान बचा ली।”
हाल ही में हैदराबाद के विधायक और हिंदुत्ववादी नेता टाइगर राजा सिंह ने हिंदुत्व हुंकार रैली में गौ हत्या और तस्करी के खिलाफ सख्त कानून की मांग की थी। कोरबा की यह घटना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।
ग्रामीणों ने तस्करों की तत्काल गिरफ्तारी और कठोर सजा की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन तस्कर अभी भी फरार हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















