तनेरा में जंगली हाथी के हमले में किसान की मौत, ग्रामीणों में दहशत

कोरबा। कोरबा जिले के तनेरा गांव में रविवार रात एक जंगली हाथी के हमले में 35 वर्षीय किसान धन सिंह गोड की दर्दनाक मौत हो गई।

धन सिंह अपने पिता मोहन सिंह के साथ खेती का काम करता था और परिवार का मुख्य कमाऊ सदस्य था। हाथी के गांव में घुसने से इलाके में दहशत का माहौल है, और ग्रामीण रातभर जागकर रतजगा करने को मजबूर हैं।

घटना के अनुसार, देर रात एक हाथी अचानक गांव में घुस आया। धन सिंह को इसकी भनक नहीं लगी, और सामना होने पर हाथी ने उसे कुचल दिया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा।

पसान रेंजर मनीष सिंह ने बताया कि यह हाथी अपने झुंड से बिछड़ गया था, जिसके कारण वह अधिक हिंसक हो गया। वन विभाग लगातार मुनादी कराकर ग्रामीणों को हाथी से दूर रहने और छेड़छाड़ न करने की चेतावनी दे रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि हाथी उनकी फसलों और मकानों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे उन्हें रातभर जागना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है, अन्यथा गांव छोड़ने की चेतावनी दी है।

मृतक के परिवार को राज्य सरकार ने 25 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि प्रदान की है। कोरबा जिले में 54 हाथियों का झुंड 85 से अधिक गांवों को प्रभावित कर रहा है। वन विभाग फसलों के नुकसान का सर्वे कर रहा है।