हाथी गहरे कुएं में गिरा, वन विभाग ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन

सरगुजा । जिले के सीतापुर वन परिक्षेत्र के सरगा खजुरपारा गांव में सोमवार सुबह एक हाथी गहरे कुएं में गिर गया, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। घटना उस समय हुई जब हाथी गांव से गुजरते हुए एक सकरे और फिसलन भरे रास्ते पर चल रहा था। रास्ते के किनारे मौजूद जर्जर मिट्टी के कुएं में संतुलन बिगड़ने के कारण हाथी जा गिरा।

ग्रामीणों ने कुएं से आवाज सुनकर तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

अधिकारियों के अनुसार, कुएं की गहराई और संकरी जगह के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण है। हाथी को सुरक्षित निकालने के लिए भारी मशीनरी और स्थानीय लोगों की मदद ली जा रही है।

घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं, जो हाथी की सलामती के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। वन विभाग की टीम पूरे प्रयास के साथ रेस्क्यू अभियान चला रही है।