नाबालिगों के वाहन चलाने पर पुलिस की कार्रवाई,निर्मला स्कूल व सरस्वती शिशु मंदिर सहित सीएसईबी चौक में चला अभियान

नाबालिग वाहन चालकों पर पुलिस की सख्ती

कोरबा। नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में निर्मला स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर एवं सीएसईबी चौक क्षेत्र में नाबालिगों के वाहन चलाने की जांच की गई।

डीएसपी ज्योत्स्ना चौधरी के मार्गदर्शन में एएसआई ईश्वरी लहरे एवं पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच करते हुए नाबालिगों द्वारा वाहन चलाए जाने के मामलों में कार्रवाई की। पुलिस ने बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कम उम्र में वाहन चलाना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे गंभीर सड़क दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। नाबालिगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।

पुलिस का कहना है कि नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ जांच और कार्रवाई का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

अभिभावकों को भी जिम्मेदारी समझते हुए बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई है।