कोरबा।भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का 77वां स्थापना दिवस जिले में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिले के पांचों विकासखंडों के विद्यालयों में संचालित स्काउट-गाइड, कब-बुलबुल तथा रोवर-रेंजर इकाइयों द्वारा विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
स्थापना दिवस को सामाजिक सहभागिता और जनजागरूकता से जोड़ते हुए स्काउट्स एवं गाइड्स ने प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकों को संगठन के स्थापना दिवस के फ्लैग स्टीकर लगाकर शुभकामनाएं दीं।
जिला स्तरीय कार्यक्रम का संयोजन जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) डीगम्बर सिंह कौशिक एवं जिला संगठन आयुक्त (गाइड) उत्तरा मानिकपुरी ने किया। वहीं, रोवर लीडर राजीव कुमार साहू के नेतृत्व में स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स एवं रेंजर्स की टीम ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों से मुलाकात कर संगठन के 77वें स्थापना दिवस की जानकारी दी। इस दौरान उन्हें स्काउट आंदोलन के उद्देश्यों, गतिविधियों और समाज सेवा के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के तहत कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी को भी स्थापना दिवस का फ्लैग स्टीकर लगाया गया। कलेक्टर ने स्काउट्स एवं गाइड्स को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनकी गतिविधियों और सामाजिक जागरूकता के प्रयासों की सराहना की।
इसी क्रम में संयुक्त कलेक्टर टीआर.भारद्वाज, जिला शिक्षा अधिकारी ताम्रेश्वर उपाध्याय सहित अन्य प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों को भी फ्लैग स्टीकर लगाए गए।
स्काउट्स एवं गाइड्स ने इस पहल के माध्यम से अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
