सजग कोरबा अभियान: ठाड़पखना गांव को नशे और अवैध शराब से मुक्ति दिलाएगी पुलिस

कोरबा।ठाड़पखना गांव में अवैध शराब निर्माण और इसके उपयोग से फैल रही सामाजिक बुराइयों को खत्म करने के लिए पुलिस ने सजग कोरबा अभियान शुरू किया है। थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों, ने हिस्सा लिया। इस दौरान पुलिस ने गांव में स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बनाने का भरोसा दिलाया।

थाना प्रभारी तिवारी ने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा अपराध की जड़ है, जो घरेलू विवाद, हिंसा और सामाजिक समस्याओं को जन्म देता है। इसका सबसे ज्यादा नुकसान महिलाओं और बच्चों को उठाना पड़ता है।

ग्रामीण महिलाओं ने अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने की मांग की, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है और युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने पुलिस का स्वागत करते हुए कठोर कार्रवाई की अपील की। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि अवैध शराब के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर शराबबंदी सुनिश्चित की जाएगी।