अनेक स्थानों पर आदिशक्ति की स्थापना आज
कोरबा। आश्विन नवरात्र पर्व 22 सितंबर सोमवार से शुरू हो रहा है। ऐसा संयोग कई वर्ष बाद बना है जब यह पर्व 9 की बजाय 10 दिन का होगा। देवी भक्ति और गरबा के इंद्रधनुषीय रंग इस उत्सव को जमकर निखारेंगे। इसके लिए कोरबा नगर और जिले में तैयारी हो गई है।
मिली-जुली परंपरा के साथ शारदीय नवरात्र पर्व जिले में मनाया जाएगा। एक परंपरा के अंतर्गत पहले ही दिन अनेक पंडालों में दुर्गा देवी की प्रतिमाएं स्थापित होंगी और नवमी को हवन-पूजन के साथ यह पर्व संपन्न होगा। जबकि पश्चिम बंगाल और अन्य प्रदेशों की परंपरा वाली समितियों के पंडालों में षष्ठी को प्रतिमाएं विराजित होंगी। शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में नवरात्र मनाने के लिए हिन्दू समाज में भारी उत्साह है। हर कही पर्व के लिए व्यापक तैयारी की गई है।
विभिन्न प्रकार के आयोजन इस नवरात्र को खास बनाएंगे। नवरात्र शुभारंभ के साथ ही शहर में गरबा डांडिया की धूम भी शुरू हो जाएगी। गुजराती समाज द्वारा समाज के भवन में 22 सितम्बर से नवरात्रि महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। 22 सितम्बर को शुभ मुहुर्त में घट स्थापना के साथ ही नवरात्रि महोत्सव प्रारंभ होगा।
गुजराती समाज भवन परिसर में आकर्षक लाइटिंग व साज-सज्जा के साथ प्रतिदिन रास-गरबा की धूम रहेगी। टीपी नगर स्थित पाटीदार भवन में भी नवरात्र पर गरबा की प्रस्तुति परंपरागत वाद्य यंत्रों के साथ होगी। इसके लिए समाज ने तैयारी की है। शहर का यह विशेष आकर्षण होगा।
नहर मार्ग पर नहीं चलेंगे भारी वाहन
नवरात्र पर्व को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सर्वमंगला मंदिर से होकर कनबेरी नहर मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी है। ऐसे वाहन सर्वमंगला पुल से राताखार होकर चलेंगे। श्रद्धालुओं को असुविधा न हो इस दृष्टिकोण से यह निर्णय लिया गया है। मंदिर समिति के नन्हा पाण्डेय के द्वारा प्रशासन के ध्यान में यह बात लाई गई कि इस पर विचार किया गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
