बांगो पुलिस और ग्रामीणों की सतर्कता से शातिर चोर गिरफ्तार, बाइक-मोबाइल चोरी के वारदातों का खुलासे की संभावना

कोरबा। बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम लेपरा के बरभाटा में बीते दिनों दिनदहाड़े ताला तोड़कर बाइक चोरी की घटना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया था। बार-बार होने वाली चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बांगो पुलिस ने तत्परता के साथ जांच शुरू की।

इसी बीच, रविवार को ग्राम आम्माखोखरा में ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को मोबाइल चोरी करते रंगे हाथ पकड़ लिया। सूचना मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविमंगल कंवर (28 वर्ष), निवासी डिंडोलभाठा के रूप में हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविमंगल एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वर्तमान में पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है, जिससे क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं का खुलासा होने की उम्मीद है।

ग्रामीणों की सतर्कता और बांगो पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इलाके में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है।

ग्रामीणों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए राहत की सांस ली है। यह गिरफ्तारी समाज और कानून के सहयोग से अपराध पर अंकुश लगाने का एक सशक्त उदाहरण है।

बांगो थाना पुलिस की कार्यशैली और ग्रामीणों की जागरूकता को इस सफलता का श्रेय दिया जा रहा है।