मड़ई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाली, दो दिन से लटका ताला, गर्भवती महिलाओं को भारी परेशानी

कोरबा। जिला पंचायत सदस्य एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिलाध्यक्ष विद्वान सिंह मरकाम ने 20 सितंबर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ई (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) का औचक निरीक्षण किया। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक किए गए निरीक्षण में केंद्र पर ताला लटका मिला। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) दीपक सिंह से संपर्क करने पर उन्होंने लापरवाही भरा जवाब दिया कि “कहीं घूमने गया होगा” और फोन काट दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पिछले दो दिनों से बंद है और यहां महिला डॉक्टर की स्थायी तैनाती न होने से गर्भवती महिलाओं को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में एक गर्भवती महिला की डिलीवरी गांव की अन्य महिलाओं की मदद से करानी पड़ी।

ग्रामीणों में इस स्थिति को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि सरकार के आयुष्मान आरोग्य मंदिर के दावे कागजों तक सीमित हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि स्वास्थ्य केंद्र में नियमित डॉक्टर और स्टाफ की तैनाती की जाए ताकि मरीजों को समय पर इलाज और गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव की सुविधा मिल सके। यह स्थिति ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को उजागर करती है।