ट्रांसपोर्ट नगर चौक पर ट्रैफिक नियमों की अनदेखी, सिग्नल जंप करने से दुर्घटना का खतरा

कोरबा। शहर की यातायात व्यवस्था दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है, जिसके कारण जाम की स्थिति आम हो गई है। खासकर शाम के समय सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ जाता है, और दिन में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी भी चरम पर होती है। सबसे गंभीर स्थिति ट्रांसपोर्ट नगर चौक पर देखने को मिल रही है, जहां छोटे-बड़े सभी वाहन चालक यातायात नियम तोड़ने में आगे हैं।

ट्रांसपोर्ट नगर चौक पर यातायात संकेतकों की व्यवस्था की गई है ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित हो। हरी सिग्नल पर एक दिशा से वाहन आगे बढ़ते हैं, जबकि अन्य तीन दिशाओं में सिग्नल लाल रहता है। बावजूद इसके, रेड सिग्नल जंप करने की घटनाएं बढ़ रही हैं। यातायात पुलिस की मौजूदगी में भी लोग सिग्नल तोड़कर आगे निकल जाते हैं। पुलिस की सीटी भी नियम तोड़ने वालों को रोकने में नाकाम साबित हो रही है।

यह समस्या न केवल ट्रांसपोर्ट नगर चौक तक सीमित है, बल्कि सीएसईबी चौक पर भी सिग्नल जंप करने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इस तरह की लापरवाही से दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ रहा है। शहर के व्यस्ततम चौराहों पर यातायात नियमों की अनदेखी को लेकर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।