अघोषित सब्जी मंडियों पर निगम की कार्रवाई, कोतवाली के सामने बाजार हटाया गया

कोरबा शहर में प्रमुख मार्गों पर लगने वाली अघोषित सब्जी मंडियों के कारण यातायात में बाधा और विवाद की स्थिति को देखते हुए नगर निगम ने सख्त कदम उठाया है। विशेष रूप से मेन रोड कोतवाली के सामने लगने वाले अघोषित बाजार को हटाने के लिए आज सुबह निगम की टीम ने कार्रवाई की।

कोतवाली के सामने सड़क किनारे लगने वाले इस बाजार में फुटपाथी सब्जी विक्रेताओं द्वारा दुकानें लगाने और चार पहिया व भारी वाहनों के प्रवेश से अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी। इससे आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। साथ ही, वाहनों के जमावड़े से आए दिन विवाद और दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी।

निगम आयुक्त के निर्देशों का पालन करते हुए कोरबा जोन की टीम ने सुबह कोतवाली के सामने पहुंचकर सब्जी विक्रेताओं को मुख्य मार्ग पर दुकान न लगाने की हिदायत दी। निगम अमले ने विक्रेताओं को जाम और दुर्घटना के खतरे के बारे में समझाया और भविष्य में मुख्य मार्ग पर व्यवसाय करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

विक्रेताओं की आजीविका को ध्यान में रखते हुए निगम ने उन्हें इतवारी बाजार के पौनी-पसारी क्षेत्र में व्यवस्थित करने का निर्णय लिया। निगम अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि व्यापारियों को इस नए स्थान पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस कार्रवाई से शहर में यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने निगम के इस कदम की सराहना की, लेकिन साथ ही यह भी अपेक्षा जताई कि ऐसी व्यवस्थाएं लंबे समय तक प्रभावी रहें।