राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में डॉ. सरफराज खान ने बढ़ाया कोरबा का मान

डिस्कस थ्रो में जीता स्वर्ण पदक, शॉटपुट में हासिल किया कांस्य

कोरबा। पश्चिम बंगाल के खड़गपुर स्थित आईआईटी मैदान के अरविंद स्टेडियम में 13 से 15 नवंबर तक आयोजित 9वीं राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कोरबा के डॉ. सरफराज खान ने शानदार प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित किया है। उन्होंने 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए डिस्कस थ्रो में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि शॉटपुट में तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया।

बंगाल मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में डॉ. सरफराज खान ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का परिचय देते हुए डिस्कस थ्रो (चक्का फेंक) में स्वर्णिम सफलता हासिल की। वहीं शॉटपुट (गोला फेंक) में तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।

डॉ. खान की इस दोहरी उपलब्धि से कोरबा के खेल जगत में खुशी और उत्साह का माहौल है। उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि उम्र खेल प्रतिभा और जुनून के आड़े नहीं आती। नियमित अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर किसी भी उम्र में नई उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, शुभचिंतकों एवं शहरवासियों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह सफलता न केवल डॉ. सरफराज खान, बल्कि पूरे कोरबा जिले के लिए गौरव का विषय है।