एसईसीएल में अब डिजिटल प्रक्रिया से होगा आवासों का आवंटन

ई-आवास पोर्टल लॉन्च, पारदर्शिता बढ़ेगी और मानवीय हस्तक्षेप होगा न्यूनतम

सीएमडी हरीश दुहन ने तीन माह के सतर्कता अभियान के समापन पर किया पोर्टल का लोकार्पण

कोरबा।साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में कर्मचारियों को आवास आवंटित करने की प्रक्रिया अब डिजिटल माध्यम से पूरी की जाएगी। इसके लिए कंपनी ने ऑनलाइन ‘ई-आवास’ पोर्टल शुरू किया है। इस पहल से आवास आवंटन प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी होगी। साथ ही मानवीय हस्तक्षेप कम होने से आवंटन में निष्पक्षता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

एसईसीएल में 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक संचालित तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान के समापन अवसर पर पोर्टल का लोकार्पण किया गया।

एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन तथा निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) नृपेंद्र नाथ की उपस्थिति में इसका शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के प्रमुख, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

तीन विभागों के समन्वय से तैयार हुआ पोर्टल
ई-आवास पोर्टल का विकास सतर्कता विभाग की पहल पर मानव संसाधन विभाग और सिस्टम विभाग के समन्वित प्रयासों से किया गया है। इसके माध्यम से कर्मचारियों को आवास से संबंधित सेवाएं एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी। आवास आवंटन की प्रक्रिया ऑनलाइन होने से आवेदन और आवंटन संबंधी कार्यों में सरलता आएगी तथा प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी।

इस अवसर पर सीएमडी हरीश दुहन ने पोर्टल के विकास में योगदान देने वाली सतर्कता, मानव संसाधन और सिस्टम विभाग की टीमों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पहल कर्मचारियों को बेहतर, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।