शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण के आरोप,दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे गए

कोरबा। शादी का झांसा देकर महिलाओं का शारीरिक शोषण करने के दो अलग-अलग मामलों में उरगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक मामले में आरोपी पर पीड़िता को फोटो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है, जबकि दूसरे मामले में करीब दो वर्षों तक शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहले मामले में प्रार्थिया ने थाना उरगा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि तुषार अनंत उर्फ पिंटू (19 वर्ष), निवासी पताढ़ी, थाना उरगा, हाल मुकाम श्रवण मोहल्ला हरदीबाजार ने उससे जान-पहचान बढ़ाई और शादी का झांसा देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने घटना के संबंध में किसी को जानकारी देने पर उसकी तस्वीरें वायरल करने और जान से मारने की धमकी भी दी।

शिकायत के आधार पर उरगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 629/2026 के तहत धारा 64, 351(3) बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 15 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

दो साल तक शादी का झांसा देने का आरोप
दूसरा मामला भी उरगा थाना क्षेत्र का है। इसमें प्रार्थिया ने शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम जुनवानी निवासी कृष्ण कुमार कंवर (21 वर्ष) पिछले करीब दो वर्षों से शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा था। जब प्रार्थिया ने आरोपी से विवाह करने की बात कही तो उसने जाति का हवाला देते हुए तथा परिजनों की असहमति का कारण बताकर शादी करने से इनकार कर दिया।

प्रार्थिया की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 632/2026 के तहत धारा 69 बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर 16 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

उरगा पुलिस ने दोनों मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई की है।