मारुति और रेकी पावर प्लांट के ट्रेलर-हाईवा से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क बदहाल,भारी वाहनों के खिलाफ सड़क पर उतरे ग्रामीण

कोरबा। औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाली राखड़ की ढुलाई अब ग्रामीण सड़कों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। हरदीबाजार क्षेत्र के अंडीकछार-चोड़हा मार्ग पर बांधाखार मारुति और रेकी पावर प्लांट से राखड़ परिवहन में लगे भारी ट्रेलर और हाईवा की लगातार आवाजाही से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़क की हालत जर्जर हो गई है। सड़क की बदहाली और भारी वाहनों के दबाव से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार सुबह फूट पड़ा। ग्रामीणों ने सड़क पर भारी वाहनों को रोककर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

ग्रामीणों के मुताबिक, राखड़ परिवहन में लगे बड़े-बड़े ट्रेलर और हाईवा दिनभर इस ग्रामीण मार्ग से गुजरते हैं। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण सड़क जगह-जगह उखड़कर क्षतिग्रस्त हो रही है। जिस सड़क का निर्माण ग्रामीणों को सुगम आवागमन की सुविधा देने के लिए किया गया था, उसी पर अब भारी वाहनों का दबाव बढ़ता जा रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि अंडीकछार-चोड़हा मार्ग आसपास के गांवों के लोगों, स्कूली बच्चों और राहगीरों के लिए आवागमन का प्रमुख रास्ता है। सड़क खराब होने से आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। यदि भारी वाहनों की आवाजाही पर समय रहते रोक नहीं लगाई गई तो सड़क पूरी तरह जर्जर हो सकती है। इसके साथ ही दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क पर राखड़ परिवहन में लगे भारी वाहनों की आवाजाही तत्काल बंद कराई जाए। साथ ही सड़क को हुए नुकसान की जांच कर संबंधित परिवहनकर्ताओं की जवाबदेही तय की जाए। ग्रामीणों ने इस संबंध में जिला कलेक्टर से शिकायत करने की बात भी कही है।

सोमवार सुबह हुए विरोध प्रदर्शन में पूर्व उपसरपंच राजकुमार रात्रे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि सड़क की सुरक्षा और आम लोगों की परेशानी को देखते हुए प्रशासन को जल्द ठोस कदम उठाना चाहिए।