कटघोरा पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा
कोरबा।कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम सलोरा में घरेलू विवाद ने एक मासूम की जान ले ली। पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर हुए विवाद के दौरान पति ने डंडे से वार कर दिया। इस दौरान मां की गोद में मौजूद महज ढाई माह का बच्चा भी डंडे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सलोरा निवासी द्वारिका प्रसाद केंवट शराब के नशे में अपनी पत्नी मुस्कान केवट के चरित्र पर संदेह करते हुए विवाद कर रहा था।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने आवेश में आकर पत्नी पर डंडे से वार कर दिया। इस दौरान पत्नी की गोद में मौजूद ढाई माह का मासूम भी डंडे की चोट से गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तत्काल बाद परिजन बच्चे को उपचार के लिए कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी, एसआई चंद्रमणि खांडे सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी द्वारिका प्रसाद केंवट को उसके घर से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
मृत बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस के अनुसार,आरोपी के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस एवं फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
