स्कूल के मैदान से चोरी ट्रेलर झारखंड में मिला, आरोपी गिरफ्तार

सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची

10 लाख का ट्रेलर और वारदात में इस्तेमाल ट्रेलर हार्स बरामद, टीआई धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

कोरबा। दीपका थाना क्षेत्र में स्कूल के मैदान से ट्रेलर चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी गए करीब 10 लाख रुपए कीमत के ट्रेलर को झारखंड से बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया दूसरा ट्रेलर हार्स भी जब्त किया गया है। टोल बैरियर के सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शिवम अग्रवाल (26 वर्ष), निवासी तिवरता, थाना दीपका ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने 1 नवंबर 2026 को अपना ट्रेलर क्रमांक CG 10 CT 8684 नवजागृति शिशु मंदिर स्कूल के मैदान में खड़ा किया था। 3 और 4 नवंबर की दरमियानी रात अज्ञात व्यक्ति ट्रेलर चोरी कर ले गया। शिकायत पर दीपका पुलिस ने अपराध क्रमांक 462/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न टोल टैक्स बैरियरों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक व्यक्ति चोरी के ट्रेलर को ले जाते हुए दिखाई दिया। जांच में उसकी पहचान एमडी खुशबुल्ला अंसारी के रूप में हुई। पुलिस ने संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने ट्रेलर चोरी की वारदात स्वीकार की।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने झारखंड के गढ़वा जिले के ग्राम जरही, थाना डंडई से चोरी किया गया ट्रेलर क्रमांक CG 10 CT 8684 और वारदात में इस्तेमाल किया गया ट्रेलर हार्स क्रमांक JH 12 BN 9230 बरामद किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान एमडी खुशबुल्ला अंसारी (35 वर्ष), पिता जस्मुद्दीन अंसारी, निवासी ग्राम चमा, थाना मेराल, जिला गढ़वा (झारखंड) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में झाबर कॉलेज के पास, थाना दीपका क्षेत्र में रह रहा था।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी सहित दीपका थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।