जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने 9 महिलाओं को वितरित किए सौर ऊर्जा चालित चरखे
कोरबा। विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन एवं छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड ने पहल की है। इसके तहत ग्राम आछीमार की 9 पहाड़ी कोरवा महिलाओं को सौर ऊर्जा से संचालित अंबर चरखे प्रदान किए गए हैं। इन चरखों के माध्यम से महिलाएं घर बैठे सूत कताई का काम कर सकेंगी और प्रतिमाह लगभग 5 से 6 हजार रुपए तक की अतिरिक्त आमदनी अर्जित कर सकेंगी।
सोमवार को जिला पंचायत कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह एवं उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता जायसवाल ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन की उपस्थिति में महिला हितग्राहियों को सोलर चलित अंबर चरखे वितरित किए। इस अवसर पर खादी ग्रामोद्योग के सहायक संचालक आशीष राठौर भी उपस्थित रहे।
योजना के तहत छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड महिलाओं को सूत कताई के लिए कपास की पोनी (कॉटन रोविंग) उपलब्ध कराएगा। महिलाएं अंबर चरखे से सूत तैयार कर विभागीय उत्पादन केंद्रों में जमा करेंगी। तैयार सूत का क्रय खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा निर्धारित दर पर किया जाएगा। इससे महिलाएं अपने घरेलू और दैनिक कार्यों के साथ खाली समय का उपयोग कर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकेंगी।
प्रशिक्षण के बाद मिला स्वरोजगार का अवसर
छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित विभागीय खादी उत्पादन केंद्र कुंवरगढ़, धरसींवा, जिला रायपुर में कारीगर प्रशिक्षण कार्यक्रम योजना के तहत प्रदेश की 30 विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग की महिलाओं को अंबर चरखे से सूत कताई का प्रशिक्षण दिया गया था। यह प्रशिक्षण 17 सितंबर 2026 से शुरू होकर गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026 को संपन्न हुआ। इनमें कोरबा जिले की 9 पहाड़ी कोरवा महिलाओं ने भी प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद इन महिलाओं को सोलर चलित किट सहित अंबर चरखे उपलब्ध कराए गए हैं। विभागीय उत्पादन केंद्रों से जोड़कर महिलाओं को उनके गांव में ही कच्चा माल उपलब्ध कराया जाएगा तथा तैयार सूत का संग्रहण किया जाएगा। इससे उन्हें रोजगार के लिए घर से बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी। वे अपनी सुविधानुसार घर पर ही काम कर परिवार की आमदनी बढ़ाने में योगदान दे सकेंगी।
सौर ऊर्जा से संचालित अंबर चरखे की यह पहल पहाड़ी कोरवा महिलाओं के पारंपरिक कौशल को रोजगार से जोड़ने के साथ उनके आर्थिक सशक्तीकरण का माध्यम बनेगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में खादी उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
