65 हाथियों के झुंड ने बनखेता में मचाया उत्पात, मकान तोड़ा और धान की फसल रौंदी

कोरबा। कोरबा जिले के पसान क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीती रात 65 हाथियों के विशाल झुंड ने ग्राम बनखेता में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने एक ग्रामीण के कच्चे मकान की दीवार तोड़ दी और घर में रखे धान-चावल को खा गए। इस दौरान घर में रखे बर्तनों को भी पैरों तले कुचलकर क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथियों के गांव में प्रवेश करते ही दहशत का माहौल बन गया। एक परिवार को जान बचाने के लिए अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थान पर भागना पड़ा। इसके बाद हाथियों के झुंड ने खेतों का रुख किया और कई एकड़ में लगी धान की फसल को रौंदकर भारी नुकसान पहुंचाया।

रात 10 से 11 बजे गांव में घुसा हाथियों का दल
ग्रामीणों के अनुसार, रात करीब 10 से 11 बजे के बीच हाथियों का दल चिंघाड़ते हुए गांव में दाखिल हुआ। हाथियों की आवाज सुनकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान एक परिवार ने हाथियों को अपने मकान की ओर बढ़ते देखा और जान बचाने के लिए घर छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भाग निकला। हाथियों ने मकान की दीवार तोड़कर अंदर रखा धान और चावल खा लिया। घर में रखे बर्तनों को भी पैरों से कुचल दिया। इसके बाद हाथियों का दल खेतों की ओर बढ़ गया।

बालियां निकलने के बाद धान की फसल को रौंदा
इन दिनों खेतों में धान की फसल में बालियां निकल चुकी हैं और फसल पकने की तैयारी में है। ऐसे संवेदनशील समय में हाथियों के झुंड ने कई एकड़ में खड़ी फसल को पैरों तले रौंद दिया। कुछ फसल को हाथियों ने खा भी लिया। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। सालभर की मेहनत पर हाथियों के इस हमले ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

कटघोरा में 52 और करतला में 13 हाथियों की मौजूदगी

वन विभाग के अनुसार, कटघोरा वनमंडल में 52 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। मरवाही क्षेत्र से लौटने के बाद यह दल पसान सर्किल के तराईनार जंगल में डेरा जमाए हुए है। रात के समय हाथियों का दल दो से तीन समूहों में बंटकर भर्रापारा, कुम्हारीसानी, बोकरामुड़ी, तराईनार और बनखेता सहित आसपास के गांवों में पहुंच रहा है। वहीं, कोरबा वनमंडल के करतला रेंज में भी 13 हाथियों की मौजूदगी बनी हुई है। इस तरह जिले में कुल 65 हाथी विचरण कर रहे हैं।

एक महीने में 33 एकड़ फसल और 250 से अधिक मकान प्रभावित

हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। वन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, बीते एक महीने में जिले के दोनों वनमंडलों में हाथियों ने करीब 33 एकड़ धान की फसल को नुकसान पहुंचाया है। इसके अलावा 250 से अधिक मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।

लगातार हो रहे नुकसान से परेशान ग्रामीणों और किसानों ने क्षतिग्रस्त मकानों तथा बर्बाद फसलों का उचित मुआवजा देने की मांग की है।

24 घंटे निगरानी, ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह

पसान वन परिक्षेत्र अधिकारी के मुताबिक, हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए हाथी मित्र दल और वन विभाग की टीमें 24 घंटे गश्त कर रही हैं। प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को हाथियों की आवाजाही की जानकारी दी जा रही है। वन विभाग ने लोगों से रात के समय जंगल की ओर नहीं जाने, खेतों में नहीं सोने तथा हाथियों को भगाने या उनके नजदीक जाने का प्रयास नहीं करने की अपील की है।