कोरबा।सेवा,समर्पण और मानवता का संदेश देने वाले संत जलाराम बापा की 227वीं जयंती कोरबा में गुजराती समाज द्वारा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाज की ओर से नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
धार्मिक प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियों और विभिन्न पात्रों के रूप में सजे प्रतिभागियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। शोभायात्रा के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।
गुजराती समाज द्वारा पिछले कई दशकों से संत जलाराम बापा की जयंती पर विविध धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी विशेष आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत स्थानीय मंदिर में संत जलाराम बापा की पूजा-अर्चना, अभिषेक एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए।
दोपहर में ट्रांसपोर्ट नगर से भव्य शोभायात्रा प्रारंभ हुई। इसमें सामाजिक और धार्मिक संदेशों को दर्शाती झांकियां शामिल की गईं। समाज के बच्चों, युवाओं और सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
पारंपरिक गीतों और भक्ति संगीत के बीच शोभायात्रा नगर के निर्धारित मार्गों से आगे बढ़ी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों द्वारा शोभायात्रा का स्वागत कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया।
शोभायात्रा राम दरबार रोड स्थित सामाजिक भवन पहुंचकर मुख्य समारोह में परिवर्तित हो गई। यहां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन संपन्न हुए। पूरे आयोजन में समाज की एकजुटता, धार्मिक आस्था और संत जलाराम बापा के सेवा एवं मानव कल्याण के संदेश की झलक देखने को मिली।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
