कोरबा।लोक आस्था और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया।
सुबह की पहली किरण के साथ ही कोरबा शहर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों के छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती महिलाएं और पुरुष अपने परिजनों के साथ पारंपरिक सूप-दउरा में पूजन सामग्री लेकर नदी, तालाबों और जलाशयों के किनारे पहुंचे और भगवान सूर्य की आराधना में लीन हो गए।
संध्या अर्घ्य की तरह ही प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान भी सभी प्रमुख छठ घाटों पर आस्था का सैलाब नजर आया।
कड़ाके की ठंड भी व्रतियों की श्रद्धा और उत्साह को कम नहीं कर सकी। व्रती घुटने भर पानी में खड़े होकर उदीयमान सूर्य के दर्शन की प्रतीक्षा करते रहे। जैसे ही पूर्व दिशा में लालिमा बिखरी और भगवान भुवन भास्कर ने दर्शन दिए, श्रद्धालुओं ने दूध और जल से अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और सभी के मंगलमय जीवन की कामना की।
सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही व्रतियों ने 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का पारण किया। इस दौरान छठ घाटों पर दीपों की रोशनी, पूजा-अर्चना और पारंपरिक छठ गीतों से भक्तिमय वातावरण बना रहा। अर्घ्य के पश्चात श्रद्धालुओं ने आतिशबाजी कर पर्व की खुशियां साझा कीं। लोगों ने एक-दूसरे को ठेकुआ एवं छठ का प्रसाद वितरित कर महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
चार दिनों तक चले इस महापर्व का समापन श्रद्धा, आस्था, पारिवारिक एकजुटता और सामाजिक सौहार्द के वातावरण में हुआ।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
