कोरबा। जिले के कटघोरा वनमंडल में हथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात केंदई वन परिक्षेत्र के मोरगा सर्किल अंतर्गत गयामाड़ा गांव में 12 हथियों के एक दल ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान हथियों ने ग्रामीण अमृतलाल मंझवार के मकान को ढहा दिया और खेतों में लगी धान की फसल को तहस-नहस कर दिया। इस घटना से अमृतलाल का परिवार बेघर हो गया, जबकि अन्य ग्रामीणों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा।
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन शुरू किया। जानकारी के अनुसार, केंदई रेंज में वर्तमान में 45 हथियों का एक दल तीन अलग-अलग स्थानों पर विचरण कर रहा है। बीती रात इनमें से 12 हथियों का दल गयामाड़ा गांव पहुंचा। उस समय अमृतलाल और उनका परिवार सो रहा था। हथियों की आहट सुनकर वे जाग गए और किसी तरह एक कमरे में छिपकर अपनी जान बचाई। हथियों ने काफी देर तक गांव में उत्पात मचाया। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर हथियों को जंगल की ओर खदेड़ा, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
वहीं, उड़ानबहरा जंगल में एक अन्य हथी दल, जिसमें नन्हा शावक भी शामिल है, लगातार दूसरे दिन डेरा डाले हुए है। शावक की सुरक्षा के कारण इस दल ने कोई उत्पात नहीं मचाया और जंगल में ही रहा।
क्षेत्र में हथियों की बढ़ती सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हथी कभी खेतों में फसलों को नष्ट कर रहे हैं तो कभी बस्तियों में घरों को निशाना बना रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस राहत नहीं मिली है। ग्रामीण हथियों के आतंक को झेलने के लिए मजबूर हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















