राहगीर से मोबाइल और नकदी झपटकर भागे दो आरोपी गिरफ्तार

उरगा पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, लूटा गया मोबाइल, 500 रुपये और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद

कोरबा।उरगा थाना क्षेत्र में राहगीर से मोबाइल फोन और नकदी झपटकर फरार हुए दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन, 500 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 24 अक्टूबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कुकरीचोली मेन रोड पर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को प्रार्थी ने थाना उरगा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ट्रेलर क्रमांक CG 12 BN 4977 से गेवरा से रायगढ़ जा रहा था। दोपहर करीब दो बजे कुकरीचोली मेन रोड के आगे वाहन रोककर वह नीचे उतरा। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति उसके पास पहुंचे और खुद को माइनिंग में काम करने वाला बताया।

बातचीत के दौरान दोनों ने अपना नाम केसरी नन्दन वैष्णव और ललित कुमार चौहान बताया। इसके बाद उन्होंने अचानक प्रार्थी का ओप्पो मोबाइल फोन और 500 रुपये नकद झपट लिए तथा मोटरसाइकिल से फरार हो गए। प्रार्थी ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल का नंबर CG 12 BS 0751 बताया।

मोबाइल बेचने के लिए तलाश रहे थे ग्राहक
मामले में उरगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 578/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) और 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गवाहों के बयान दर्ज करने के साथ आरोपियों की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि उरगा चौक पर दो व्यक्ति मोबाइल फोन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर घेराबंदी कर केसरी नन्दन वैष्णव और ललित कुमार चौहान को पकड़ लिया।

मोबाइल, नकदी और बाइक जब्त
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। उनके मेमोरेंडम कथन के आधार पर केसरी नन्दन वैष्णव के कब्जे से ओप्पो मोबाइल फोन, जबकि ललित कुमार चौहान के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त काले रंग की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और 500 रुपये नकद बरामद किए गए।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने दोनों को 18 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उन्हें 24 अक्टूबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

गिरफ्तार आरोपी

केसरी नन्दन वैष्णव (36 वर्ष), पिता स्व. राम नेगी वैष्णव, निवासी पाण्डेय चाल, उरगा चौक, थाना उरगा, जिला कोरबा।

ललित कुमार चौहान (22 वर्ष), पिता संतोष चौहान, निवासी कटबितला, थाना उरगा, जिला कोरबा।

कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।