कोरबा जिले के आकांक्षी ब्लॉक पोंड़ी उपरोड़ा के चोटिया परियोजना में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोपों के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) श्रीमती रेणु प्रकाश ने तीन सदस्यीय जिला स्तरीय जांच समिति का गठन किया है।
जांच समिति में गजेन्द्र देव सिंह (जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी), श्रीमती कीर्ति कुरियन जैन (परियोजना अधिकारी, एकीकृत बाल विकास परियोजना, बरपाली) और लक्ष्मीकांत यादव (सहायक ग्रेड-02, कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी) शामिल हैं।
डीपीओ ने समिति को तीन दिनों के भीतर जांच पूरी कर प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया है। यह रिपोर्ट डीपीओ के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी, जिसके आधार पर कलेक्टर द्वारा आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
बताया गया कि चोटिया परियोजना में 76 पदों के लिए भर्ती विज्ञापन दो वर्ष पहले जारी किया गया था, लेकिन प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो सकी है। जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा की महिला एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष श्रीमती पूजा दुबे ने प्रभारी परियोजना अधिकारी मनोज अग्रवाल पर भर्ती में अनियमितता और अभ्यर्थियों से वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों के बाद प्रशासन ने मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

