रायपुर रेलवे स्टेशन पर अनारक्षित टिकट काउंटर को रेलवे आरक्षण केंद्र में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जल्द ही यात्रियों को जनरल टिकट आरक्षण केंद्र के अंदर से ही मिलने लगेंगे। यात्रियों को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए रेलवे के वाणिज्य विभाग ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं।
जानकारी के अनुसार, अब तक एक टिकट काउंटर को शिफ्ट किया जा चुका है। इसके बदले तीन अतिरिक्त ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) और चार मोबाइल टिकट सुविधा प्रदान करने वाले कर्मचारियों को तैनात किया गया है। अगले 24 घंटों में एक और एटीवीएम शिफ्ट किया जाएगा, जबकि 48 घंटों में दूसरा एटीवीएम और 48 से 72 घंटों के भीतर सभी अनारक्षित टिकट काउंटर पूरी तरह से आरक्षण केंद्र में स्थानांतरित हो जाएंगे।
यात्रियों की सुविधा के लिए सतत निगरानी
रेलवे वाणिज्य विभाग ने यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए कंट्रोल रूम में हर घंटे मॉनिटरिंग की व्यवस्था की है। इसके अलावा, 24×7 मुख्य वाणिज्य निरीक्षक और चीफ सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी स्वयं स्थिति का जायजा ले रहे हैं और अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ हर घंटे समीक्षा कर रहे हैं।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह कदम यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करने और टिकट प्रक्रिया को और सुगम बनाने के लिए उठाया गया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















