कोरबा। कटघोरा में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान उपद्रवियों पर कटघोरा पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। कुछ युवकों द्वारा खतरनाक और धारदार कड़ों के जरिए हमले करने की शिकायतों के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग एक क्विंटल वजनी कड़े जब्त किए। साथ ही, डीजे पर प्रतिबंध की अवहेलना करने पर तीन डीजे सेट और वाहनों को भी जब्त किया गया।
जय देवा समिति द्वारा आयोजित पितृपक्ष के विसर्जन जुलूस में भारी भीड़ शामिल थी। इस दौरान कुछ स्थानों पर उपद्रवी युवकों के बीच झड़प की खबरें सामने आईं। शिकायत मिली कि कुछ युवा भारी और नुकीले कड़ों का उपयोग कर दूसरों पर हमला कर रहे थे। थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और नगर में घूम रहे युवकों से कड़े जब्त किए। जब्त किए गए कड़ों का वजन 250 ग्राम से 500 ग्राम तक था, जिनमें से कई धारदार और नुकीले डिजाइन के थे। डेढ़ घंटे की कार्रवाई में पुलिस ने लगभग एक क्विंटल कड़े जब्त किए।
थाना प्रभारी तिवारी ने चेतावनी दी, “आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। भविष्य में अगर युवकों के पास चोट पहुंचाने वाला कोई सामान मिला, तो उनके माता-पिता को थाने बुलाया जाएगा।”
डीजे प्रतिबंध की अवहेलना पर कार्रवाई
पुलिस ने पहले ही सार्वजनिक आयोजनों में डीजे के उपयोग पर रोक की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद, जुलूस में तीन डीजे सेट का इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने इसे गैर-जिम्मेदाराना कृत्य मानते हुए तीन डीजे सेट और संबंधित वाहनों को जब्त कर लिया। इन मामलों को कोर्ट में भेजा गया है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने कटघोरा में कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस कदम की सराहना की, लेकिन साथ ही सामाजिक आयोजनों में ऐसी घटनाओं पर चिंता भी व्यक्त की।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















