‘कटघोरा के राजा’ का भव्य विसर्जन, 21 फीट प्रतिमा और सांस्कृतिक झांकियों ने खींचा श्रद्धालुओं का ध्यान

कोरबा। प्रदेशभर में गणेश उत्सव की भव्य धूम के बीच कोरबा जिले के कटघोरा में ‘कटघोरा के राजा’ का ऐतिहासिक विसर्जन हुआ। विसर्जन यात्रा में शामिल होने हजारों की संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचे, जिससे पूरा नगर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।

इस वर्ष ‘कटघोरा के राजा’ की 21 फीट ऊंची विशाल प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रही। विसर्जन यात्रा की शुरुआत कासनिया से हुई, जो नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए विभिन्न स्थानों से गुजरी।

सांस्कृतिक झांकियों ने भी यात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया। हनुमान जी की झांकी, शिव अघोरी (वाराणसी), शिव विवाह (काशी), डॉल झांकी (आंध्रप्रदेश), गोरिल्ला मेन (उड़ीसा), लायन ग्रुप (राजनांदगांव) समेत कई झांकियां दर्शकों को मंत्रमुग्ध करती रहीं। लगातार तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा माहौल गूंजता रहा।

इस अवसर पर न केवल कोरबा बल्कि आसपास के जिलों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचे। नगर की सड़कों पर सुबह से ही जनसैलाब उमड़ पड़ा था।

इस ऐतिहासिक आयोजन में ‘जय देव गणेश उत्सव समिति’ की अहम भूमिका रही। समिति द्वारा की गई भव्य तैयारियां, सुव्यवस्थित व्यवस्था और आकर्षक झांकियों ने इस वर्ष के उत्सव को और भी खास बना दिया। नगरवासियों ने उल्लास और उत्साह से भक्ति पर्व को मनाया और ‘कटघोरा के राजा’ की जयकारों से पूरा माहौल गुंजायमान हो उठा।