आयुक्त आशुतोष पाण्डेय का औचक निरीक्षण: इमलीडुग्गू बस्ती में सफाई व्यवस्था का जायजा, इतवारी बाजार में सब्जी दुकानों के विस्थापन के निर्देश

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने नियमित प्रातः भ्रमण के दौरान इमलीडुग्गू स्लम बस्ती व आसपास के मोहल्लों की सकरी गलियों में पैदल भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वच्छता कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और नियमित रूप से हो, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त पाण्डेय ने बस्तीवासियों से संवाद कर पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सड़क व नाली जैसी समस्याओं की जानकारी ली और उनके त्वरित निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने गौमाता चौक पर किए गए वृक्षारोपण का अवलोकन कर पौधों के संरक्षण और संवर्धन हेतु आवश्यक निर्देश भी दिए।

इसी क्रम में आयुक्त इतवारी बाजार पहुंचे और बाजार का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सड़क पर लगने वाली सब्जी दुकानों से यातायात बाधित होता है और दुर्घटना की संभावना रहती है। अतः सब्जी विक्रेताओं को सड़क से हटाकर बाजार के भीतर दुकानें लगाने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही निगम ने वार्ड क्र. 04 अंतर्गत राताखार नदी किनारे स्थित कब्रिस्तान के पास किए जा रहे अतिक्रमण को हटाया। यहां कुछ लोगों ने बांस, बल्ली व तिरपाल से घरनुमा ढांचा तैयार कर लिया था और अवैध कब्जे की नीयत से घेराबंदी कर रखी थी। निगम के अतिक्रमण दस्ते ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सभी अतिक्रमण को हटाया।

इस दौरान निगम के अपर आयुक्त विनय मिश्रा, जोन कमिश्नर विनोद शांडिल्य, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी सहित निगम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।