हसदेव नदी में बाढ़ का खतरा, दर्जनों गांवों में मुनादी कर लोगों को किया अलर्ट

कोरबा। लगातार बारिश से मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर बढ़ने के कारण शुक्रवार सुबह अतिरिक्त गेट खोले गए। बांध के कार्यपालन अभियंता धर्मेन्द्र नीखरा ने बताया कि सुबह 5 बजे गेट संख्या 4, 5, 6 और 8 के साथ गेट 3 एवं 9 को 0.50-0.50 मीटर खोला गया था, लेकिन जलस्तर 358.11 मीटर पर स्थिर रहा। इसके बाद सुबह 8:30 बजे गेट संख्या 2 और 7 को भी 0.50 मीटर खोला गया।

फिलहाल गेट संख्या 5 और 6 – 1.50 मीटर, गेट 4 और 8 – 1.00 मीटर, गेट 3, 9, 2 और 7 – 0.50 मीटर खुले हैं। इन गेटों से कुल 40,904 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, साथ ही हाइड्रेल पॉवर प्लांट से 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस तरह कुल 49,904 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है।

दर्री डैम के गेट भी खोले गए हैं, जिससे हसदेव नदी और इसकी सहायक नदियों में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। तटीय इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनने पर प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

कलेक्टर अजीत वसंत ने सभी एसडीएम, स्वास्थ्य, बिजली और अन्य विभागों को सतर्क रहने और ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को चेतावनी देने के निर्देश दिए हैं। खनिज खदान ठेकेदारों, औद्योगिक इकाइयों और संस्थानों को भी अपनी परिसंपत्तियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने को कहा गया है।

संभावित बाढ़ प्रभावित गांव: बांगो, चर्रा, पोड़ीउपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, गाड़ाघाट, छिनमेर, कोरियाघाट, धनगांव, नरमदा, सोनगुड़ा, जेल गांव, नवांगांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, सिरकीकला और अन्य।