सतरेंगा रिसोर्ट में भालुओं की दस्तक से दहशत,वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग

कोरबा। सतरेंगा रिसोर्ट परिसर में गुरुवार रात्रि दो भालुओं के विचरण करने से हड़कंप मच गया। पास के जंगल से निकलकर भालू रिसोर्ट के गार्डन में घुस आए और देर तक इधर-उधर घूमते रहे। एक प्रत्यक्षदर्शी द्वारा बनाया गया इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस दौरान रिसोर्ट में ठहरे पर्यटक और कर्मचारी भयभीत रहे।

स्थानीय महिलाओं ने बताया कि सतरेंगा रिसोर्ट क्षेत्र में रात के समय अक्सर बिजली गुल हो जाती है, जिसका फायदा उठाकर भालू गार्डन में प्रवेश कर जाते हैं। इस कारण शाम 6 बजे के बाद गार्डन की गतिविधियां बंद कर दी जाती हैं।

रिसोर्ट कर्मचारियों ने रात की ड्यूटी में डर का माहौल होने की बात कही। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो बड़ी अनहोनी हो सकती है।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में जंगली भालुओं की संख्या अधिक है, जो भोजन और पानी की तलाश में रिहायशी इलाकों तक पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों और रिसोर्ट प्रबंधन ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है ताकि इस खतरे को रोका जा सके और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।