बांकीमोंगरा में भारी बारिश से ढहा पुराना पुल, आवागमन ठप, ग्रामीण परेशान

कोरबा। बांकीमोंगरा को चाकाबुड़ा से जोड़ने वाला वर्षों पुराना पुल गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे भारी बारिश के कारण ढह गया। पुल का लगभग 10 मीटर लंबा स्लैब अचानक टूटकर पानी में बह गया, जिससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।

इस घटना से स्थानीय ग्रामीणों, स्कूली छात्रों और निजी उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

चाकाबुड़ा, बुंदेली और कसाईपाली के शासकीय हाईस्कूल देवरी में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को घर लौटने के लिए ढेलवाडीह, सिंघाली और जवाली होते हुए 14-15 किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ा।

कर्मचारियों को भी अपने कार्यस्थलों तक पहुंचने के लिए लंबे और कठिन वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे समय की बर्बादी हो रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पुल लंबे समय से जर्जर हालत में था और इसकी मरम्मत की मांग बार-बार उठाई गई थी, लेकिन प्रशासन की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ।

ग्रामीणों को अब आशंका है कि पुल के पुनर्निर्माण में लंबा समय लग सकता है, जिससे उनकी मुश्किलें और बढ़ेंगी।

प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही है ताकि आवागमन बहाल हो सके।