युक्तियुक्तकरण के बाद नए स्कूल में ज्वाइन न करने वाले शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई, नाश्ता वितरण में लापरवाही पर भी एक्शन

कोरबा। कोरबा जिले में शिक्षा विभाग द्वारा किए गए युक्तियुक्तकरण के तहत नए स्कूलों में नियुक्ति के बावजूद ज्वाइन न करने वाले शिक्षकों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी अजीत वसंत ने समय सीमा (टीएल) की बैठक में अधिकारियों को ऐसे शिक्षकों की जानकारी जुटाने और उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही, स्कूलों में बच्चों को समय पर नाश्ता न देने वाले स्कूलों के खिलाफ भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। एसडीएम को इसकी निगरानी करने के लिए कहा गया है।

बैठक में कलेक्टर ने ई-ऑफिस कार्यप्रणाली को अनिवार्य करने के निर्देश दिए, जिसमें सभी विभागों को मैनुअल फाइल के बजाय ई-ऑफिस के माध्यम से काम करने को कहा गया। उन्होंने बाल संप्रेक्षण गृह से अपचारी बालकों के फरार होने की घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा। निरीक्षण टीम को संप्रेक्षण गृह की खामियों को दूर करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा, कलेक्टर ने आयुष्मान कार्ड और वयवंदन कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा की और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में डोर-टू-डोर जाकर पात्र हितग्राहियों को लाभ देने के निर्देश दिए। आधार अपडेशन के लंबित कार्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा गया।

बैठक में अनुविभागीय अधिकारी कटघोरा तन्मय खन्ना, वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत, निगमायुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित सभी विभागीय अधिकारी मौजूद थे।