कोरबा।ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और घर-घर स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभाने वाली मितानिनों के सम्मान में कोरबा ब्लॉक के ग्राम पंचायत सोनगुडा में मितानिन दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मितानिनों के सेवाभाव, समर्पण और ग्रामीण परिवारों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में उनके योगदान की सराहना करते हुए सम्मानित किया गया।
मितानिनें गांवों में गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की देखभाल, बच्चों के पोषण, बीमारियों के प्रति जागरूकता और जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। घर-घर पहुंचकर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने और कठिन परिस्थितियों में लोगों को मार्गदर्शन उपलब्ध कराने वाली इन कार्यकर्ताओं को ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत कड़ी बताया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक-7 रफीक उपस्थित रहे। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सोनगुडा की सरपंच लक्ष्मी सिंह तंवर, उपसरपंच संतोष कंवर, ग्राम पंचायत सतरेंगा के सचिव संतलाल कैवर्त, जिला ब्लॉक समन्वयक रुस्तम अली, मितानिन प्रशिक्षक कमला धीवर एवं चंदन सिंह मंझवार सहित मितानिनों की उपस्थिति रही।
आयोजन के माध्यम से मितानिनों के कार्यों के प्रति सम्मान और प्रोत्साहन का भाव व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने कहा कि मितानिनें केवल स्वास्थ्य विभाग की सहयोगी नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों के बीच विश्वास का आधार हैं। उनकी सेवा भावना, जिम्मेदारी और निरंतर प्रयास ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ गांवों में जागरूकता और बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
