गुरुनानक देव का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उल्लास से मनाया गया, ‘नाम जपो, किरत करो’ के संदेश से दिया मानवता, समानता और सद्भाव का संदेश
कोरबा। टीपी नगर स्थित गुरुद्वारा साहिब में गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही गुरुद्वारा में मत्था टेकने और गुरु का आशीर्वाद लेने श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। सजे दीवान के दर्शन, शबद कीर्तन और अरदास के बीच पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। सिख समाज के साथ सर्वसमाज के लोगों ने भी आयोजन में शामिल होकर गुरु नानक देव के संदेशों को आत्मसात किया।
प्रकाश पर्व पर आमंत्रित रागी जत्थे ने गुरु वाणी और शबद कीर्तन की प्रस्तुति से संगत को भावविभोर किया। गुरु नानक देव की शिक्षाओं ‘नाम जपो, किरत करो’ अर्थात ईश्वर का स्मरण और ईमानदारी से मेहनत करने के संदेश को प्रमुखता से बताया गया। उनकी वाणी मानवता, समानता, भाईचारे और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
एक पंगत में बैठकर ग्रहण किया लंगर
दोपहर बाद गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से अटूट लंगर की शुरुआत की गई। लंगर में जाति, धर्म और वर्ग के भेदभाव से परे सर्वसमाज के लोगों ने एक ही पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। लंगर सेवा लगातार जारी रही और सेवा-सहयोग की भावना आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही।
मध्यरात्रि में आतिशबाजी के साथ गुरु नानक देव के जन्मोत्सव की खुशियां मनाई गईं। प्रकाश पर्व के आयोजन ने प्रेम, समानता, मानवता और परस्पर सद्भाव का संदेश दिया। गुरु नानक देव की शिक्षाओं के अनुरूप सेवा और मानव कल्याण को ही सच्चे धर्म का आधार बताया गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
