छुरी में खड़े ट्रक से टकराई बाइक, पति की मौके पर मौत; लालघाट में स्कॉर्पियो-बाइक की भिड़ंत में दूसरा युवक मृत
कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो बाइक सवारों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पहला हादसा छुरी के सलोरा बकरा बाजार के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, दूसरा हादसा लालघाट के पास स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने टक्कर में हुआ। इसमें बाइक सवार ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
गौरा पूजा में शामिल होने जा रहे थे दंपति
पहला हादसा छुरी स्थित सलोरा बकरा बाजार के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, बिंझरी निवासी दंपति बाइक से अपने ससुराल सिरकी में गौरा पूजा में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में सड़क किनारे खड़े ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई। बताया जा रहा है कि ट्रक सड़क पर अचानक रुका हुआ था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक के पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चला रहे पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
स्कॉर्पियो-बाइक की आमने-सामने भिड़ंत
दूसरी दुर्घटना कटघोरा के लालघाट के पास हुई। यहां स्कॉर्पियो और बाइक के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
वाहन जब्त, जांच में जुटी पुलिस
दोनों हादसों की सूचना पर कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर दोनों मामलों में मर्ग कायम किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि हादसों में घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया था। दोनों मामलों में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
