अदाणी पावर ने पताढ़ी स्थित विस्तार परियोजना की पहली यूनिट चालू की, दो साल में 250 से अधिक इंजीनियरों की टीम ने तैयार किया प्लांट; दूसरी यूनिट शुरू होने पर क्षमता 1920 मेगावाट होगी
कोरबा। करीब एक दशक से अधूरे पड़े कोरबा के बड़े बिजली प्रोजेक्ट को आखिरकार नया जीवन मिल गया है। पथाड़ी गांव स्थित कोरबा पावर के 1320 मेगावाट क्षमता वाले विस्तार प्रोजेक्ट की पहली 660 मेगावाट यूनिट अदाणी पावर ने सफलतापूर्वक शुरू कर दी है। लगभग दो साल की मेहनत, 250 से अधिक इंजीनियरों की टीम, उपकरण निर्माता कंपनियों, साझेदारों और हजारों कर्मचारियों के प्रयास से लंबे समय से ठप पड़े प्रोजेक्ट को उत्पादन की स्थिति तक पहुंचाया गया है। निर्माण के व्यस्त दौर में परियोजना स्थल पर करीब 10 हजार लोगों ने काम किया।
2016 से बंद निर्माण को 2 साल में मिली गति
इस परियोजना को नई गति अगस्त 2024 में मिली, जब अदाणी पावर ने एनसीएलटी प्रक्रिया के माध्यम से लैंको अमरकंटक पावर लिमिटेड का 4101 करोड़ रुपए में अधिग्रहण किया। उस समय कंपनी का 600 मेगावाट का बिजली संयंत्र चालू था, जबकि 1320 मेगावाट का विस्तार प्रोजेक्ट निर्माणाधीन था। परियोजना का करीब 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका था, लेकिन 2016 से निर्माण कार्य ठप पड़ा था।
लंबे अंतराल के बाद परियोजना को आगे बढ़ाना आसान नहीं था। मशीनों, प्लांट के विभिन्न हिस्सों और तकनीकी व्यवस्थाओं की स्थिति का नए सिरे से आकलन करना पड़ा। पुराने दस्तावेज और इंजीनियरिंग ड्रॉइंग भी पर्याप्त उपलब्ध नहीं थे। मूल इंजीनियरिंग एवं निर्माण ठेकेदार के परियोजना से अलग हो जाने के कारण टीम को कई तकनीकी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
पुराने ढांचे की जांच, सिस्टम को फिर किया तैयार
अदाणी पावर की इंजीनियरिंग टीम ने बॉयलर, टर्बाइन-जनरेटर, विद्युत उपकरण, कोयला परिवहन व्यवस्था और पानी से संबंधित प्रणालियों का विस्तृत परीक्षण किया। पुराने रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने वाले हिस्सों में प्लांट की वास्तविक स्थिति के आधार पर इंजीनियरिंग दस्तावेज और डिजाइन दोबारा तैयार किए गए। बिजली उत्पादन को ग्रिड तक पहुंचाने के लिए जरूरी ट्रांसमिशन व्यवस्था भी विकसित की गई।
एक-एक कर मशीनों और तकनीकी प्रणालियों को तैयार किया गया और लंबे समय से अधूरा पड़ा संयंत्र उत्पादन की स्थिति में पहुंचा। अब पहली 660 मेगावाट यूनिट चालू हो चुकी है। कंपनी की टीम आगामी महीनों में दूसरी 660 मेगावाट यूनिट शुरू करने की दिशा में काम कर रही है। इसके पूरा होने पर कोरबा पावर स्टेशन की कुल स्थापित क्षमता 1920 मेगावाट हो जाएगी।
24 गांवों के स्कूलों में शिक्षा सुविधाओं पर काम
पावर प्रोजेक्ट को दोबारा स्थापित करने के साथ अदाणी फाउंडेशन द्वारा आसपास के गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामुदायिक सुविधाओं के क्षेत्र में गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में 24 गांवों के 50 सरकारी स्कूलों में 4200 स्कूल किट वितरित की गई हैं। नौ स्कूलों में 220 ड्यूल डेस्क उपलब्ध कराए गए हैं। 15 स्कूलों में आरओ वाटर फिल्टर लगाए गए हैं, जिनसे 1800 से अधिक विद्यार्थियों और कर्मचारियों को लाभ मिल रहा है। तीन स्कूलों में शौचालय निर्माण से 800 से अधिक विद्यार्थियों को सुविधा मिली है। कोरबा में शिक्षा और विज्ञान गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए साइंस एंड कन्वेंशन सेंटर भी स्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा 11 गांवों के 18 आंगनवाड़ी केंद्रों में सुविधाओं का विस्तार किया गया है।
8281 विद्यार्थियों ने देखा बिजली उत्पादन
प्रोजेक्ट उड़ान के तहत आसपास के स्कूलों के विद्यार्थियों को बिजली उत्पादन की प्रक्रिया समझाने के लिए प्लांट भ्रमण कराया जा रहा है। अक्टूबर 2025 से अब तक 164 भ्रमण आयोजित किए गए, जिनमें 8281 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
18 गांवों में मोबाइल स्वास्थ्य सेवाएं
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए जून 2025 से आसपास के 18 गांवों में मोबाइल स्वास्थ्य सेवाएं संचालित की जा रही हैं। इन सेवाओं से करीब 17 हजार लोगों तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचने का दावा किया गया है। छह मल्टी-स्पेशियलिटी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए हैं। आंखों की जांच सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाएं भी ग्रामीणों को उपलब्ध कराई गई हैं। जरूरतमंद लोगों को दैनिक जीवन में सहूलियत के लिए 65 सहायक उपकरण वितरित किए गए हैं।
15 गांवों में 240 सोलर स्ट्रीट लाइट
गांवों में रोशनी की व्यवस्था बेहतर करने के लिए 11 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत 15 गांवों में 240 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई गई हैं। कंपनी के अनुसार, इससे 25 हजार से अधिक लोगों को लाभ मिल रहा है। गांवों के बाजार और हाट वाले क्षेत्रों में पांच सोलर हाई-मास्ट लाइट भी स्थापित की गई हैं।
एक दशक से अधूरे पड़े बिजली प्रोजेक्ट की पहली यूनिट का संचालन तकनीकी पुनर्स्थापन और टीमवर्क की बड़ी उपलब्धि के रूप में सामने आया है। अब दूसरी यूनिट के संचालन के साथ परियोजना की पूर्ण क्षमता तक पहुंचने की दिशा में काम जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
