11 दिसंबर तक मतदाता सूची में जुड़वाएं नाम, पात्र युवा भी करें आवेदन : सुरेश अग्रवाल

कोरबा। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के तहत नागरिकों को 11 दिसंबर तक नाम जुड़वाने और त्रुटियों में सुधार कराने का अवसर दिया गया है। अग्रवाल सभा दर्री-जमनीपाली के अध्यक्ष सुरेश कुमार अग्रवाल ने जिले के नागरिकों से अपने सहित परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांचने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम नहीं होने पर प्रारूप-6 के माध्यम से आवेदन कर नाम जुड़वाया जा सकता है। वहीं नाम, पता अथवा अन्य विवरण में त्रुटि होने पर प्रारूप-8 भरकर सुधार कराया जा सकता है। आगामी 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

सुरेश अग्रवाल ने बताया कि मतदाता ईसीआईनेट मोबाइल एप अथवा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से भी प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

उन्होंने अपने 35 वर्षों से अधिक के बूथ स्तर के कार्य अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि कई बार लोग मतदान के दिन मतदान केंद्र पहुंचते हैं, लेकिन मतदाता सूची में नाम नहीं होने के कारण मतदान से वंचित रह जाते हैं।

ऐसी स्थिति से बचने के लिए जरूरी है कि नागरिक समय रहते सूची में अपना नाम जांच लें और आवश्यकता होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें। उन्होंने अंतिम समय का इंतजार किए बिना मतदाता सूची की जांच करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।