निगम के 4 वार्डों में 93 लाख के विकास कार्यों की सौगात, लोकार्पण व भूमिपूजन
कोरबा। नगर निगम के चार वार्डों में 93 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात मिली है। कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने विभिन्न कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान मंत्री ने कहा कि हर समाज के पास अपना सामुदायिक भवन हो, इस दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। अब तक 56 समाजों के लिए सामुदायिक भवन बनाए जा चुके हैं।
मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में कोरबा में विगत पौने तीन वर्षों में लगभग 1100 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की स्वीकृति दी गई है। वार्ड क्रमांक 15 की पार्षद प्रेमलता बंजारे की मांग पर उन्होंने बताया कि वार्ड में एक सामुदायिक भवन की स्वीकृति प्रक्रिया जारी है, जबकि एक और नए सामुदायिक भवन को स्वीकृत किया जाना है।
वार्ड क्रमांक 17 में भी सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक समाज को सामाजिक गतिविधियों और आयोजनों के लिए अपना भवन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि नगरवासियों ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए निगम लगातार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहा है। नागरिकों के आग्रह पर उन्होंने सामुदायिक भवन में किचन शेड निर्माण के लिए 4 लाख रुपए स्वीकृत करने की घोषणा की।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि समाज के लोग लंबे समय से सामुदायिक भवन निर्माण के लिए प्रयासरत थे। भवन मिलने से अब उन्हें सामाजिक एवं वैवाहिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
चार वार्डों में विकास कार्य
नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 3 में डीडीएम रोड स्थित सांई मंदिर के पीछे 25 लाख रुपए की लागत से निर्मित सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया।
वार्ड क्रमांक 4 राताखार टावर मोहल्ला, गणेश चौक के पास 15 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण एवं विस्तार कार्य किया जाएगा। वार्ड क्रमांक 15 के झरनापारा और पंद्रह ब्लॉक में गुरुद्वारा के पीछे लगभग 20 लाख रुपए की लागत से आरसीसी नाली एवं सीसी रोड निर्माण कराया जाएगा।
इसी तरह वार्ड क्रमांक 17 में साहू खटाल से भैंस खटाल तक 25 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड एवं नाली निर्माण तथा ढोढ़ीपारा सिविल ऑफिस अहाता के पास रामू सूर्यवंशी के घर से साहू खटाल तक 8 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर सभापति नूतन सिंह ठाकुर, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, पार्षद मथुराबाई चंद्रा, लक्ष्मण श्रीवास, प्रेमलता बंजारे, रामकुमार साहू, एल्डरमेन दीपक यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
महर्षि कश्यप जयंती समारोह में भी पहुंचे मंत्री
डीडीएम रोड स्थित महर्षि कश्यप भवन में श्री चन्द्रपुरिहा कसौधन वैश्य गुप्ता समाज द्वारा महर्षि कश्यप ऋषि जयंती समारोह आयोजित किया गया। समारोह में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी और एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन शामिल हुए। अतिथियों ने महर्षि कश्यप मंदिर में पूजा-अर्चना की।
इस मौके पर समाज के संरक्षक योगेश्वर गुप्ता, अध्यक्ष राजेश गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार देवेंद्र गुप्ता, सतीश गुप्ता, रामसेवक गुप्ता सहित समाज के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
