कोरबा। हसदेव नदी पर स्थित कुदुरमाल पुल के जर्जर और असुरक्षित होने के कारण आवागमन प्रतिबंधित किए जाने से आसपास की सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ने लगा है। कुसमुंडा, गेवरा और दीपका क्षेत्र से उरगा की ओर आने-जाने वाले वाहनों को अब दूसरे मार्गों से लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ने से कई मार्गों पर जाम और वाहनों की कतार जैसी स्थिति बनने लगी है। ऐसे में पुल पर प्रतिबंध के साथ समानांतर वैकल्पिक मार्ग विकसित करने की जरूरत महसूस की जा रही है।
कुदुरमाल पुल लंबे समय से क्षेत्रीय आवागमन की महत्वपूर्ण कड़ी रहा है। पुल की स्थिति को देखते हुए भारी वाहनों की आवाजाही रोकना सुरक्षा के लिहाज से जरूरी है, लेकिन एक प्रमुख मार्ग बंद होने से उसका यातायात आसपास की सड़कों पर स्थानांतरित हो गया है। इसका असर स्थानीय लोगों, आम राहगीरों और वाहन चालकों पर पड़ रहा है। वाहनों का बढ़ता दबाव सड़क दुर्घटनाओं की आशंका और यातायात संबंधी परेशानियों को भी बढ़ा सकता है।
वैकल्पिक मार्ग का तकनीकी सर्वे जरूरी
कुदुरमाल पुल के बंद रहने की स्थिति में प्रशासन और संबंधित विभागों को समानांतर वैकल्पिक मार्ग (रपटा) विकसित करने की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। इसके लिए स्थल का तकनीकी सर्वे कर व्यवहारिक विकल्प तलाशने की जरूरत है। यदि पुल के समानांतर नया मार्ग तैयार किया जाता है, तो भारी वाहनों को आवागमन के लिए सुरक्षित विकल्प मिल सकेगा और आसपास की सड़कों पर बढ़ रहे दबाव को भी कम किया जा सकेगा।
केवल प्रतिबंध से नहीं, स्थायी समाधान से मिलेगी राहत
जर्जर पुल से जोखिम लेकर आवागमन करना किसी भी सूरत में उचित नहीं है, लेकिन लंबे समय तक वैकल्पिक व्यवस्था के अभाव में लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
कुदुरमाल पुल का मामला केवल एक जर्जर पुल तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र की बढ़ती यातायात जरूरतों और बेहतर कनेक्टिविटी से भी जुड़ा है। ऐसे में संबंधित विभागों को संयुक्त रूप से पहल कर वैकल्पिक मार्ग का प्रस्ताव तैयार करना चाहिए, ताकि सुरक्षा के साथ आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान निकल सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
