भालू के अवैध शिकार और साक्ष्य नष्ट करने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। कटघोरा वनमंडल के केंदई वन परिक्षेत्र में भालू के अवैध शिकार और साक्ष्य नष्ट करने के मामले में वन विभाग ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

आरोपियों ने कथित तौर पर फंदा लगाकर भालू का शिकार किया और बाद में शव को जलाकर अवशेष नदी किनारे फेंक दिए। चारों आरोपी ग्राम दम्हामुड़ा, थाना पसान, जिला कोरबा के निवासी हैं। न्यायालय ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

वन विभाग के अनुसार, 21 नवंबर को केंदई वन परिक्षेत्र के छिंदिया परिसर में फंदा लगाकर भालू के शिकार की सूचना मिली थी। वन अमले ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो घटनास्थल पर रक्त के निशान और फंदे में प्रयुक्त क्लच वायर मिला। जांच के दौरान पता चला कि घटना के अगले दिन भालू के शव को झिनपुरी परिसर ले जाया गया, जहां साक्ष्य नष्ट करने की नीयत से उसे जलाया गया और अवशेष अंजननाला नदी किनारे फेंक दिए गए।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई
मामले में वन अपराध क्रमांक 12606/11 दर्ज कर वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 (यथासंशोधित 2022) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। इसमें धारा 2(16), 9, 39(1), 39(3)(a), 39(3)(b), 39(3)(c), 48A, 39(2), 40(2), 50(1) एवं 52 शामिल हैं। वन विभाग के अनुसार, अनुसूची-I के संरक्षित वन्यप्राणी से संबंधित अपराध में धारा 51(1) के तहत न्यूनतम तीन वर्ष से अधिकतम सात वर्ष तक कारावास और जुर्माने का प्रावधान है।

चारों आरोपियों को 24 नवंबर को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कटघोरा के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों और संबंधित साक्ष्यों को लेकर विवेचना जारी है।

वन अमले की कार्रवाई, नागरिकों से सहयोग की अपील
कार्रवाई वनमंडलाधिकारी कटघोरा जितेंद्र कुमार उपाध्याय के निर्देशन एवं उप वनमंडलाधिकारी मृगजा जालिंदर यादव के मार्गदर्शन में की गई। इसमें केंदई वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक कुमार दुबे, परिक्षेत्र सहायक शारदा प्रसाद शर्मा, परिसर रक्षक मुरारी लाल साहू, मंगल नायक, गंगाराम नेताम सहित अन्य वनकर्मी शामिल रहे।

वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि जंगल या आसपास वन्यजीवों को फंसाने के लिए लगाए गए फंदे, तार अथवा संदिग्ध सामग्री दिखाई देने पर उसे स्वयं न छुएं और तत्काल निकटतम वन कार्यालय को सूचना दें।

घायल वन्यजीव या अवैध शिकार की जानकारी मिलने पर भी वन अमले को अवगत कराएं। विभाग ने वन्यजीव संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से सहयोग की अपील की है।