प्रेरक वक्ता आनंद मुंशी ने नवाचार और निरंतर प्रयास का दिया संदेश
सीएमडी हरीश दुहन बोले- टीम एसईसीएल में हर लक्ष्य हासिल करने का माद्दा
बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के 42वें स्थापना दिवस के दो दिवसीय समारोह का मंगलवार को कंपनी मुख्यालय बिलासपुर में उत्साहपूर्ण आगाज हुआ। समारोह के पहले दिन प्रख्यात प्रेरक वक्ता आनंद मुंशी के प्रेरक सत्र के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों, खदानों, क्षेत्रों और विभागों को विभिन्न श्रेणियों में 170 से अधिक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रेरक सत्र में आनंद मुंशी ने दौड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि किसी लक्ष्य की शुरुआत करना आसान है, लेकिन उसे पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प जरूरी है। उन्होंने कर्मचारियों को अपने रोजमर्रा के कार्यों में नवाचार अपनाने, नए विचारों को आजमाने और काम को बेहतर बनाने के अवसर तलाशने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जब कर्मचारी अपने कार्यक्षेत्र में सुधार की पहल करते हैं और विचारों को व्यवहार में उतारते हैं, तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे संगठन पर पड़ता है।
देश की ऊर्जा सुरक्षा में कोयला कर्मियों की अहम भूमिका

समारोह के मुख्य अतिथि एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि जिस तरह सैनिक सीमा पर राष्ट्र की सुरक्षा का दायित्व निभाता है, उसी तरह देश की ऊर्जा सुरक्षा में योगदान देना कोयला कर्मियों का राष्ट्रीय दायित्व है। देश की बिजली जरूरतों के लिए आवश्यक कोयले की आपूर्ति सुनिश्चित करने में सभी को अपनी भूमिका जिम्मेदारी से निभानी चाहिए।
उन्होंने टीम एसईसीएल पर विश्वास जताते हुए कहा कि यदि प्रत्येक कर्मचारी अपने कार्यक्षेत्र में थोड़ा अतिरिक्त प्रयास करे तो कंपनी निर्धारित उत्पादन लक्ष्य हासिल कर सकती है। सीएमडी ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट योगदान की सराहना की।

समारोह में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंचि दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, निदेशक (तकनीकी संचालन) रमेश चंद्र महापात्र, निदेशक (तकनीकी योजना एवं परियोजना) नृपेन्द्र नाथ, पूर्व निदेशक (मानव संसाधन) आर.एस. सिंह तथा पूर्व निदेशक (वित्त) ए.आर. कोमावर और जी. श्रीनिवासन उपस्थित रहे। संयुक्त सलाहकार समिति, कल्याण बोर्ड, सुरक्षा समिति के सदस्य, सिस्टा, ओबीसी एवं एससी-एसटी एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी भी समारोह में शामिल हुए।
खदानों, क्षेत्रों और कर्मचारियों को मिले पुरस्कार
पुरस्कार समारोह में विशेष अभियान-6, नारी शक्ति, नवाचार, खेलकूद, युवा उपलब्धि, सर्वश्रेष्ठ विभाग और उत्कृष्ट संविदा कर्मी सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए।
भूमिगत खदानों में प्रदर्शन: सोहागपुर क्षेत्र की शारदा खदान प्रथम और बैकुंठपुर क्षेत्र की पांडवपारा खदान द्वितीय रही। सोहागपुर क्षेत्र की खैरहा और जोहिला क्षेत्र की विंध्या खदान ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।
खुली खदानों में प्रदर्शन: भटगांव क्षेत्र की जगन्नाथपुर खदान प्रथम, रायगढ़ क्षेत्र की बरौद खदान द्वितीय और सोहागपुर क्षेत्र की अमलाई खदान तृतीय स्थान पर रही।
क्षेत्रीय प्रदर्शन: रायगढ़ क्षेत्र ने प्रथम, भटगांव ने द्वितीय और बैकुंठपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सर्वाधिक वृद्धि के लिए मेगा खुली खदान श्रेणी में कुसमुंडा और भूमिगत खदान श्रेणी में हल्दीबाड़ी को सम्मानित किया गया।
25 नवंबर को मुख्य समारोह, पलाश सेन देंगे प्रस्तुति
एसईसीएल के 42वें स्थापना दिवस का मुख्य समारोह बुधवार, 25 नवंबर को कंपनी मुख्यालय बिलासपुर में आयोजित होगा। इसमें एसईसीएल के 15 से अधिक पूर्व अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक एवं निदेशक शामिल होंगे। शाम को वसंत विहार मैदान में सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें मशहूर पॉप गायक डॉ. पलाश सेन अपने बैंड ‘यूफोरिया’ के साथ प्रस्तुति देंगे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
