बिना सूचना नाम काटने का आरोप,सुवरलोट के ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन; राशन कार्ड बहाल कर खाद्यान्न देने की मांग
कोरबा । राशन लेने उचित मूल्य की दुकान पहुंचे ग्रामीणों को तब झटका लगा, जब उन्हें पता चला कि उनके राशन कार्ड से नाम हटा दिए गए हैं। करतला विकासखंड की ग्राम पंचायत सुवरलोट में करीब 109 ग्रामीणों के नाम राशन कार्ड से विलोपित किए जाने का मामला सामने आया है। किसी परिवार का पूरा राशन कार्ड बंद होने तो किसी के परिवार के सदस्यों के नाम कटने की शिकायत है। मामले से नाराज प्रभावित ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर राशन कार्ड बहाल करने तथा नियमित खाद्यान्न वितरण की मांग की।
ग्रामीणों के मुताबिक, वे लंबे समय से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उचित मूल्य की दुकान से राशन प्राप्त कर रहे थे। हाल ही में जब वे राशन लेने दुकान पहुंचे, तब उन्हें राशन कार्ड बंद होने अथवा परिवार के सदस्यों के नाम सूची से हटाए जाने की जानकारी मिली। ग्रामीणों का आरोप है कि नाम विलोपित करने से पहले उन्हें किसी तरह की सूचना नहीं दी गई और न ही इसकी वजह बताई गई।
अचानक राशन कार्ड से नाम कटने के कारण आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के सामने खाद्यान्न की समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि वे सरकारी राशन पर निर्भर हैं और बिना किसी पूर्व जानकारी के कार्ड से नाम हटाए जाने से परिवारों के भरण-पोषण में परेशानी हो रही है।
जांच कर नाम बहाल करने की मांग
प्रभावित ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपे आवेदन में राशन कार्ड से नाम काटे जाने के मामले की जांच कराने और विलोपित नामों का कारण स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने पात्र हितग्राहियों के राशन कार्ड पुनः चालू कर पूर्व की तरह नियमित खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
अब ग्रामीणों की नजर जिला प्रशासन की कार्रवाई पर है। राशन कार्ड से नाम हटने के कारण सामने आने और पात्र परिवारों को राहत मिलने का इंतजार है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
